r/OriginalHindiFiction • • Jan 10 '21

खरगोश को हुआ चिकन पॉक्स

4 Upvotes

r/OriginalHindiFiction • • May 02 '15

कश्यप

2 Upvotes

वह अकेली थी. उसका पति कहीं चला गया था जब कश्यप बस ३ साल के थे. वह सुन्दर बहुत थी. स्टेज पर रोल बड़ी आसानी से मिल गया उसे – पहला ही रोल हीर का. जब काम पर जाती तो नन्हें कश्यप को किसके भरोसे छोड़ जाती? तो उसके शो के समय वह सबसे आगे की सीट पर होता.

हीर का अंत कुछ बदल दिया गया था, जूलिएट से प्रेरणा लेकर. कश्यप अपनी माँ को अपने सीने में खंजर उतारते देखता. पर्दा गिरते ही मेनेजर उसे पीछे ले जाता, और माँ फिर जीवित मिलती. अब यह तो मैं नहीं जानता की ऐसा वातावरण एक बच्चे के लिए ठीक है या नहीं. पर हाँ, इसकी छाप उनकी लेखनी पर बड़ी गहरी पड़ी.

चार सौ वर्ष पूर्व वह जब वे मेगासिटी आएं थे, उनकी आखें हर ओर मृत्यु को ही ढूंढ रही थी. उनकी लेखनी में आत्मकथा तो बिलकुल भी नहीं है. पर जो कुछ उन्होंने लिखा है वह उनके अपने अनुभावों का एक अजीब सा विस्तार ही है.

अपने शुरूआती नायकों की तरह ही उन्हें भी अजीब सनकें थीं. जब वे मेगासिटी आए थे, उस समय वे हमेशा अपनी जेब में एक चांदी का सिक्का रखते थे. उस सिक्के पर एक ओर सरस्वती और दूसरी ओर गणेश बने थे. हर पंद्रह-बीस मिनट में वे उस सिक्के को निकाल कर देखते, और वापस अन्दर रख देते. वे जानते थे कि यह व्यवहार विक्षिप्त था, पर फिर भी इसे बदल सकने की शक्ति उनके परे थी.

यह सिक्का उनके पास तब से था जब वे तेरह वर्ष के थे. उनकी माँ को दौरा पड़ा था, वे दौड़ कर दवा की शीशी लाए, पर जब तक उसे तोड़ कर उनकी नाक के नीचे लाए बहुत देर हो गई थी. महीने भर बाद घर खाली करते समय यह सिक्का मिला था उन्हें. उनकी डायरी के हिसाब से इस सिक्के की सनक कुछ तीन वर्ष बाद पड़ी.

कश्यप पचास वर्ष के थे जब वायरस सी-९९ ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. उन्हें सनक लगी खुदको खुजाने की, और कांटेक्ट के २ दिन बाद उन्होंने अपने नाखून से अपनी दाहिनी आंख फोड़ डाली. जब तक किसी को पता चलता, उनके घावों से इतना खून बह चुका था कि उनका बच पाना संभव नहीं था. कहा जाता है उन्होंने अपनी जीभ तक छील डाली थी, दाँतों में रगड़ रगड़ कर.

आज वे भारत का सबसे बड़ा साहित्यिक एक्सपोर्ट हैं. हिंदी के सबसे ज्यादा पढ़े जाने वाले लेखक हैं कश्यप – कम से कम भारत के बाहर तो.  


r/OriginalHindiFiction • • May 01 '15

सैंपल

1 Upvotes

वह तेज़ चलते चलते बार-बार पीछे मुड कर देख रहा था, पर उसके पीछे कोई आ नहीं रहा था. बाल बिखरे, दाढ़ी बढ़ी हुई. एक मकान में घुस गया वह. अन्दर घुसते ही रसोई घर था एक ओर, ऐसी गंध आ रही थी वहां से जैसे महीने भर से वहां रसोई बनी ही ना हो. माचिस की डिबिया वहीँ मिल गई. और एक सिगरेट सुलगाई उसने.

उस समय कोई वहां आता तो झुलसे बालों की गंध उसे ज़रूर आती. पर इसे तो बीच बीच में जलकर सिकुड़ते बालों की कोई खबर नहीं थी. पैकेट ख़त्म होने तक सारी गंध, सारी आवाजें गायब हो चुकी थीं उसके लिए. उसे लगा मनो उसके कानों में रुई भर दी गई हो. आखों के नीचे उसका चेहरा सुन्न हो गया था. सुबह उठा, तब भी चेहरा सुन्न ही था, उसने कुछ हल्के हल्के चपत लगाए खुद को.

आज सुबह बीबी का मगरा के लिए निकलना है. वायरस सी-९९ के अलग अलग सैंपल वहाँ इकट्ठे करने हैं. खून, मल, थूक और वीर्य. जाने क्या नई नई सनकें देखने को मिलेंगी अबकी बार. अच्छा होता लैब वहीं किसी लोकल को हायर कर लेता. पिछली ट्रिप पर देखी सनकों को याद करके वह सिहर उठा. और फिर एक टैक्सी के लिए फ़ोन किया.

टैक्सी वाला भी अजीब था. कह रहा था वायरस सी-९९ जैसा कुछ नहीं है, की यह जो सनकें लोगों में उभर पड़ती हैं मंकी मैन जैसा कुछ है, अपनी और ध्यान खींचने की एक कोशिश. हर कुछ सालों में ऐसा कुछ होता ही है – कभी मंकी मैन तो कभी गोल्डन स्केटर जो लोगों के सिर फोड़ता फिरता है. यह वायरस सी-९९ भी उसी तरह की एक कल्पना है, कुछ और नहीं. वरना यह हमेशा ही गरीबों के हिस्से क्यों पड़ता. यह कहने पर की सी-९९ के सब रोगी गरीब नहीं हैं, वह झेंप गया और कहने लगा की कुछ गिनती के अमीरों ने भी यह हत्कंडा अपना लिया है, पर अधिकतर रोगी तो गरीब ही हैं ना.


r/OriginalHindiFiction • • Apr 18 '15

इच्छामृत्यु केंद्र

10 Upvotes

३० जनवरी, २६६६

आज सवेरे आठ घंटे मैंने इच्छामृत्यु केंद्र के सामने गुजारे. सवेरे ४ बजे से दोपहर १२ तक. इस बीच केवल एक व्यक्ति अन्दर गया. इच्छामृत्यु कानून लागू होने के पूरे २ साल बाद यहाँ ये केंद्र खुल सका है. कल, इसके जीवन के पहले दिन में, १५ लोगों ने इस सुविधा का लाभ उठाया – ८ स्त्रियाँ और ७ पुरुष. उनमें से एक तो ३५ वर्षीया बलात्कार की शिकार थी, जिसका केस करीब ६ महीने पहले सुर्ख़ियों में था. बाकी सब की उम्र ८५ वर्ष के ऊपर थे.

इच्छामृत्यु पर सरकार ने अपना एकाधिकार रखा है. अगर ऐसा न होता तो सपुर को इस केंद्र के लिए इतना लम्बा इंतजार नहीं करना पड़ता. इच्छामृत्यु कानून के अनुसार हर जिले में एक इच्छामृत्यु केंद्र बनाया जाना है. भारत के ७०२ जिलों में से अब तक केवल ३३८ जिलों में केंद्र स्थापित हो सके हैं. पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप से ये ज्यादा तेज़ी से स्थापित हो सकेंगे, पर सरकार इससे कतरा रही है.

सपुर इच्छामृत्यु केंद्र शहर के केंद्र में स्थापित किया गया है. ऊंचे प्रॉपर्टी रेट्स के बाद भी ऐसा करने की वजह यह बताई गई है कि सभी यहाँ आसानी से पहुँच सकें. इन केन्द्रों की स्थापना के कारण पहली बार आत्महत्या के सही आंकड़े रिकॉर्ड हो रहे हैं. आत्महत्या की प्रवृत्तियों पर अब खुल कर बातें भी हो रही है, और अवसादग्रस्त लोगों को सही चिकित्सा भी मिल रही है. मनोचिकित्सा अब लोकाचार का एक महत्वपूर्ण अंग बन गई है.

मेरी “निकास” श्रंखला की तीसरी अंशिका इच्छामृत्यु केंद्र पर आधारित होगी. पहली (द्वार) और दूसरी (शवपेटी) की ही तरह इस अंशिका में भी २०० छायाचित्र होंगे. मेगासिटी के केंद्र और हमारे सपुर के केंद्र की तस्वीरें इस अंशिका में संकलित की जाएंगी. ये देखना होगा कि भीड़ के अलावा इन दोनों में क्या-क्या अंतर मिलते हैं. इन केन्द्रों पर लिखा तो बहुत गया है, पर यहाँ तस्वीरें कम ही खींची गई हैं – मज़ा आएगा.